अंबेडकर जयंती पर बड़ा संदेश: सामाजिक न्याय के साथ 1363 करोड़ का DBT ट्रांसफर

भीलवाड़ा समाचार 
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी) डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सामाजिक न्याय और समानता का बड़ा संदेश दिया गया। जयपुर से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं और उनका अनुसरण कर ही समतामूलक भारत का निर्माण संभव है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के लाखों लाभार्थियों को ₹1,363 करोड़ की राशि DBT के माध्यम से हस्तांतरित की, जिससे सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को मजबूती मिली। साथ ही “समाधान साथी” नामक AI चैटबॉट भी लॉन्च किया गया, जो व्हाट्सएप के जरिए आमजन को योजनाओं से जुड़ी जानकारी और समाधान उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र के साथ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय को बाबा साहब के मूल सिद्धांत बताते हुए उन्हें अपनाने का आह्वान किया।
इधर भीलवाड़ा में नगर निगम टाउनहॉल में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जहां जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू, एडीएम प्रतिभा देवटिया, जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा सहित कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बड़ी संख्या में आमजन ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर बाबा साहब के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।